निकाय चुनाव में दावेदारों की किस्मत का फैसला करने के लिए भाजपा ने अपने पंच मैदान में उतार दिए हैं। यह पंच जनपद की सभी नगर पालिका-पंचायत चेयरपर्सन के दावेदारों की रिपोर्ट बनाकर हाईकमान को भेजेंगे।
पार्टी प्रदेश हाईकमान पंचों की रिपोर्ट पर अपना निर्णय देगी। वहीं सभासद के टिकट के लिए नगर कमेटी की रिपोर्ट पर जिलाध्यक्ष अपनी मोहर लगाएंगे।
प्रदेश की सत्ता पर काबिज होने के बाद भारतीय जनता पार्टी में निकाय चुनाव को लेकर सरगर्मी बढ़ गई हैं। जिले की 17 नगर पालिका-पंचायतों में चेयरपर्सन के टिकट के लिए दावेदारों की लंबी फेहरिस्त है। एक-एक पालिका-पंचायत पर 15 से 20 दावेदार मजबूती के साथ दावा ठोक रहे हैं। इनमें ऐसे भी दावेदार हैं, जिन्हें विधानसभा का टिकट नहीं मिल सका था।
इनकी नजर भी अब चेयरपर्सन की कुर्सी पर टिक गई है। बड़ी संख्या में दावेदारों को देखते हुए प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के निर्देश पर जिलाध्यक्ष ने पांच सदस्यीय कमेटी का गठन कर दिया है। भाजपा के यह पंच जिले की सभी निकाय सीटों पर चेयरपर्सन के लिए दावेदारों का आवेदन लेंगे। इसकी समीक्षा करने के बाद रिपोर्ट को प्रदेश हाईकमान के पास भेजा जाएगा।
पंचों की रिपोर्ट पर प्रदेश हाईकमान चेयरपर्सन के लिए टिकट की घोषणा करेगा। पांच सदस्यीय जिला समन्वयक टीम का अध्यक्ष पूर्व विधायक मुंशीलाल गौतम को बनाया गया है। इसके अलावा सदस्यों के रूप में ऋषिपाल सिंह, दिनेश कुमार धन्नू, किशोर लोधी और नागेन्द्र सिंह को रखा गया है।
सभी नगर पालिका-पंचायतों में सभासद के टिकट के दावेदारों पर जिला कमेटी निर्णय करेगी। नगर पालिका और नगर पंचायतों में सभासद पद के लिए आने वाले दावेदारों पर नगर कमेटी की रिपोर्ट जिला कमेटी को भेजी जाएगी। सभासद के टिकट पर जिला कमेटी अंतिम निर्णय देगी।