बुलंदशहर। जिला चिकित्सालय की इमरजेंसी में तैनात एक चिकित्सक ने भाजपा नेता व पूर्व सभासद पर दो दिन पूर्व अभद्रता कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। चिकित्सक का आरोप है कि भाजपा नेता ने रात के समय दो अज्ञात लोगों के साथ आकर गाली गलौज की। जिसकी शिकायत नगर कोतवाली पुलिस को दी है। वहीं, पुलिस ने भाजपा नेता समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला चिकित्सालय में जूनियर चिकित्सक डॉ. आकाश राय दो दिन पूर्व रात के समय इमरजेंसी में तैनात थे। आरोप है कि ड्यूटी के दौरान भाजपा नेता व पूर्व सभासद चीकू दो अन्य लोगों के साथ शराब के नशे में इमरजेंसी कक्ष में घुस आए। उन्होंने बिना किसी कारण के अभद्रता करनी शुरू कर दी।
साथ ही कार्य में बाधा डालते हुए डराने-धमकाने का प्रयास भी किया। आरोप है कि आरोपियों ने इमरजेंसी से बाहर निकलने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी है। सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि चिकित्सक की शिकायत पर भाजपा नेता व दो अन्य अज्ञात लोगों के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।