संवाद न्यूज एजेंसी
खानपुर। निकाय चुनाव में मतदान के दौरान फर्जी वोट को लेकर भाजपा और एक निर्दलीय प्रत्याशी के बीच बृहस्पतिवार दोपहर विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच धक्का मुक्की हुई, जिससे मौके पर काफी भीड़ एकत्र हो गई। भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में भी लिया है।
बृहस्पतिवार दोपहर करीब 2 बजे गांधी बाल निकेतन स्कूल स्थित सैनी वार्ड मतदान केंद्र पर एक फर्जी वोट डालने को लेकर निर्दलीय प्रत्याशी के एजेंट ने वोट डालने आई एक महिला को फर्जी मतदाता बताकर वोट डलवाने से इनकार कर दिया। जिसको लेकर भाजपा प्रत्याशी ब्रजकिशोर सैनी ने विरोध जताया। विरोध के बीच निर्दलीय प्रत्याशी महेंद्र सैनी अपने अन्य समर्थकों के साथ मतदान केंद्र पर आ गए और हंगामा करने लगे। हंगामे के बीच दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद की सूचना पर थाना प्रभारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और हंगामा कर रहे लोगों को पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर मौके से भगाया। विवाद के दौरान केंद्र पर तैनात पुलिस मूकदर्शक बनी रही। सेक्टर मजिस्ट्रेट भी छोटी घटना की बात कहकर सफाई देते नजर आए। दोनों पक्षों के मतदाताओं ने बचाव के प्रयास किए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने फर्जी मतदान की सूचना विधायक देवेंद्र लोधी व सांसद भोला सिंह को दी। सूचना पर विधायक देवेंद्र लोधी भी मौके पर आ गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्थानीय पुलिस प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए।