संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव मिर्जापुर के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार को परिजन शव को पोस्टमार्टम के बाद अपने साथ ले गए। मामले में अभी पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है।
शिकारपुर निवासी राजेश कुमार शनिवार को अपनी बाइक लेकर किसी काम से बुलंदशहर आए थे। देर शाम वह बाइक से ही शिकारपुर लौट रहे थे। जब वह गांव मिर्जापुर के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें रौंद दिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को मामले की सूचना दी। जानकारी मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। जहां से राजेश को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। दिल्ली के एक निजी अस्पताल में उनकी उपचार के दौरान शुक्रवार देर रात उनकी मौत हो गई। देहात कोतवाल ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।