संवाद न्यूज एजेंसी
स्याना। थाना क्षेत्र में स्टेट हाईवे पर बुगरासी चौराहे के निकट मंगलवार देर रात बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद से अभी तक मामले में परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
स्याना की बुगरासी चौकी क्षेत्र के गांव निजामपुर बांगर निवासी 38 वर्षीय संदीप कुमार मंगलवार देर शाम किसी काम के चलते स्याना गए थे। जहां से वह देर रात वापस गांव के लिए बाइक से ही निकले थे। जब वह नगर के स्टेट हाईवे स्थित बुगरासी चौराहे के निकट पहुंचे तो अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से संदीप की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी और बुधवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया। सीओ प्रखर पांडेय ने बताया कि मृतक के परिजनों द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर के आधार पर विधिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही आरोपी अज्ञात वाहन चालक की शिनाख्त कर गिरफ्तारी भी कर ली जाएगी।