गुलावठी। गुलावठी-बुलंदशहर मार्ग हाईवे पर फूटा अट्टा के निकट रोडवेज बस की टक्कर से एक बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक का नाम मुनेश (33) पुत्र मुन्नी निवासी गांव रसूलपुर थाना सलेमपुर है। मृतक के भाई ने अज्ञात रोडवेज बस चालक के खिलाफ हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव रसूलपुर थाना सलेमपुर निवासी मुनेश मेहनत मजदूरी का कार्य करता था तथा देवी मां के होने वाले जागरणों में भी काम करता था। मृतक मुनेश के भाई विनोद ने बताया कि उसका भाई मुनेश बाइक से गुलावठी जा रहा था। फूटा अट्टा माता मंदिर के कट पर हाईवे पर चढ़ा तो तभी बुलंदशहर की ओर से आ रही एक रोडवेज बस ने बाइक की जोरदार टक्कर मार दी। जिससे उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायल मुनेश को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने मुनेश की गंभीर हालत को देखकर मेरठ रैफर कर दिया। मेरठ ले जाते समय मुनेश ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के भाई विनोद की तहरीर पर अज्ञात रोडवेज बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। संवाद