सिकंदराबाद। सिकंदराबाद-बुलंदशहर मार्ग पर सोमवार देर शाम तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में 22 वर्षीय युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हैं। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नगर के मोहल्ला कायस्थवाड़ा निवासी कमल सैनी ने बताया कि सोमवार शाम उनका भतीजा हिमांशु सैनी (22) अपने दोस्त निशांत और नितिन के साथ बाइक से सुखलालपुर तिराहा स्थित पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने गए थे। जैसे ही वे पंप से निकलकर घर की ओर चले, पीछे से आ रही अनियंत्रित रोडवेज बस ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। घायलों को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां हिमांशु की स्थिति गंभीर देखते हुए उसे गाजियाबाद रेफर कर दिया गया। वहां देर रात उसने दम तोड़ दिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी चालक मौके से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।