खानपुर। थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने युवक की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के गांव मनिया टिकरी निवासी सुनील ने बताया कि उनका भाई सुशील रविवार देर शाम अपनी बाइक से कस्बा खानपुर से घर लौट रहा था। रास्ते में लखावटी की ओर से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित वैगनआर कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुशील बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस और परिजनों को दी।
मौके पर पहुंचे परिजन घायल सुशील को अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंचे और आरोपी कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।