जहांगीराबाद। गहना गोवर्धन गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
छतारी थाना क्षेत्र के गांव त्यौर बुजुर्ग निवासी नीशू (24) विकास व अनिल बाइक पर सवार होकर बुलंदशहर जा रहे थे। जैसे ही गहना गोवर्धनपुर गांव के पास पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार नीशू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि विकास और अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। सीओ गिरिजा शंकर त्रिपाठी ने बताया कि हादसे की सूचना मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।