बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र में शेल्टन होटल से भटोना जाने वाले मार्ग पर बाइक सवार युवक से अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर लूटपाट की। आरोपी उसकी बाइक, पर्स और 46 हजार नकदी लूट कर जन से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। शिकायत पर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहासू थाना क्षेत्र के गांव लालनेर निवासी वीरेश कुमार ने देहात कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि रविवार को वह किसी काम से बुलंदशहर अपनी बाइक से आए थे। शाम को वह बाइक से ही शेल्टन होटल के सामने बंबे के रास्ते गांव भटोना जाने के लिए निकले थे। कुछ ही दूरी पर बाइक सवार दो बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर उनकी बाइक को रुकवा लिया। इसके बाद आरोपियों ने पिस्टल उनकी कनपटी पर लगा कर उनकी बाइक, मोबाइल फोन, पर्स और जेब में रखे करीब 46 हजार रुपये नकदी लूट ली।
पीड़ित के विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें हत्या की धमकी दी और बाइक लेकर भाग गए। किसी तरह उन्होंने पुलिस को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की और बदमाशों की तलाश में कांबिंग की। देर रात तक बदमाशों का कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। मामले में थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एएसपी ऋजुल कुमार ने बताया कि घटना स्थल से लेकर बदमाशों आने और भागने वाले मार्ग पर लगे सीसीटीवी खंगाल जा रहे हैं। जल्द ही बदमाशों का सुराग लगा कर उनकी गिरफ्तारी कर लिया जाएगा।