फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भूपेंद्र हत्याकांड : भाभी ने ही प्रेमी संग की थी हत्या

विज्ञापन
डिबाई कोतवाली पुलिस की हिरासत में भूपेंद्र की हत्या करने वाली उसकी भाभी और प्रेमी। स्रोत: पुलिस
विज्ञापन
बुलंदशहर। डिबाई थाना क्षेत्र में करीब तीन महीने पहले हुए भूपेन्द्र उर्फ भूपा हत्याकांड का पुलिस ने 98 दिन बाद खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने भूपेंद्र की भाभी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि भूपेंद्र उनके अवैध प्रेम संबंध का विरोध करता था। साथ ही, उसने अपनी भाभी की बहन से शादी करने से भी इन्कार कर दिया था जिसके चलते उन्होंने भूपेंद्र की हत्या की थी।
विज्ञापन




डिबाई कोतवाली क्षेत्र के गांव घुसराना हरिसिंह निवासी अजीत सिंह ने 18 जुलाई 2025 को अपने बेटे भूपेंद्र की अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या किए जाने की तहरीर थाने में दी थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। काफी जांच के बाद भी पुलिस को कोई अहम सुराग हाथ नहीं लग रहा था। ऐसे में एसओजी और क्राइम ब्रांच को भी इसके खुलासे के लिए लगा दिया गया था।
पुलिस ने लंबी जांच और विवेचना के बाद 23 अक्तूबर 2025 को मामले का खुलासा करते हुए मृतक की भाभी वर्षा और उसके प्रेमी गौरव निवासी डिबाई को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में वर्षा ने बताया कि वह अपने देवर भूपेंद्र की शादी अपनी बहन से कराना चाहती थी लेकिन भूपेंद्र ने इससे इनकार कर दिया और अपनी मामा की लड़की से शादी कर ली। इस बात से वह नाराज थी।
विज्ञापन

दूसरा और मुख्य कारण यह था कि भूपेंद्र को वर्षा और उसके प्रेमी गौरव के अवैध प्रेम संबंधों के बारे में जानकारी हो गई थी। भूपेंद्र लगातार इसका विरोध कर रहा था। इससे परेशान होकर वर्षा और गौरव ने भूपेंद्र की हत्या करने की साजिश रची। साजिश के तहत 18 जुलाई 2025 को वर्षा ने धोखे से भूपेंद्र को गांव घुसराना हरिसिंह की पुलिया पर बुलाया। वहां पहले से ही मौजूद गौरव ने अपने साथी छोटे सिंह के साथ मिलकर भूपेंद्र के गले में रस्सी का फंदा डालकर उसकी हत्या कर दी।
वारदात के बाद दोनों शव को सड़क के खड़ंजे पर करीब 200 मीटर दूर फेंक कर भाग गए थे। थाना डिबाई पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस फरार आरोपी छोटे सिंह की तलाश कर रही है।





भरोसे का गला घोंटा

जिस भाभी को परिवार में मां समान सम्मान मिलता है, उसी ने अपने देवर भूपेंद्र की जान ले ली। वारदात ने न केवल एक हत्या को अंजाम दिया, बल्कि रिश्ते और भरोसे को भी तार-तार कर दिया। वर्षा ने शादी से इन्कार करने की रंजिश और अवैध प्रेम संबंधों का राज खुलने के डर से अपने प्रेमी गौरव के साथ मिलकर यह खौफनाक साजिश रची। भूपेंद्र के पिता अजीत सिंह ने जब अपने बेटे की हत्या की तहरीर दी होगी, तब उन्हें अंदाजा भी नहीं रहा होगा कि उनकी बहू ही इस साजिश की मास्टरमाइंड निकलेगी।



सीडीआर ने खोले राज

पुलिस को जांच के दौरान ही वर्षा और गौरव के बीच के अवैध संबंधों पर शक हुआ। सीडीआर और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस इस निष्कर्ष पर पहुंची कि हत्या पारिवारिक रंजिश से जुड़ी है। पुलिस ने मृतक की भाभी वर्षा और उसके प्रेमी गौरव को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो गौरव ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, साथ ही हत्या में शामिल फरार साथी छोटे सिंह के बारे में भी जानकारी दी।



कोट

- भूपेंद्र की हत्या का राजफाश करना चुनौती बन रहा था। प्रारंभिक जांच में लगा कि ये आत्महत्या भी हो सकती है लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गहन जांच के बाद पुलिस हत्यारोपी भाभी तक पहुंच गई। जल्द ही तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - डॉ. तेजवीर सिंह, एसपी देहात
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें