संवाद न्यूज एजेंसी
खुर्जा। बिजली घर नंबर-5 पर बुधवार को भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति के नेतृत्व में हाजीपुर भटौला गांव के ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। साथ ही गांव में लटक रही हाइटेंशन लाइन को शिफ्ट करने और आवासीय क्षेत्रों में लाइन के नीचे जाल लगाने की मांग की। इसको लेकर एसडीओ देहात को ज्ञापन भी दिया।
भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि रविवार रात 23 जुलाई को गांव हाजीपुर भटौला में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर स्कार्पियो कार पर गिर गया था। जिसकी चपेट में आकर दो महिलाओं समेत पांच लोग झुलस गए थे। झुलसे सभी लोगों का उपचार चल रहा है। उन्होंने कहा कि गांव में चार साल पहले भी इसी तरह के हादसे से तीन लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद भी निगम की ओर से कोई सतर्कता नहीं बरती गई।
इस तरह की लापरवाही से कई लोगों की जान खतरे में है। उन्होंने हाईटेंशन लाइन को हटाकर एलटी केबल डालने की मांग की। साथ ही लाइन के नीचे जाल बिछाने की भी मांग की। वहीं एसडीओ देहात राजेश कुमार को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सुनील सिंह, हारुन, रासिद, आस मोहम्मद, ताहिर, बंटी, खालिद, आरिफ आदि मौजूद रहे।