भाकियू ने हाईवे जाम कर फूंका पुतला
औरंगाबाद। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों का मंगलवार को किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए किसानों ने हाईवे जाम कर करते हुए पुतला फूंका। किसानों का काम न करने पर लेखपाल औरंगाबाद को करीब दो घंटे तक अपने साथ धूप में बैठाया। एसडीओ को छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन डीएम के नाम सौंपा।
गांव पूठी नसीराबाद स्थित खुटेल फार्म पर जिले के पदाधिकारियों की पंचायत हुई। जिलाध्यक्ष गुड्डू प्रधान ने कहा कि किसानों का करोड़ों का गन्ना भुगतान शुगर मिलों पर बकाया है। प्रशासन बकाया भुगतान दिलाने में असमर्थ है। किसानों के सामने संकट पैदा हो रहा है। बिजली विभाग के अधिकारी किसानों पर झूठे मुकदमे दर्ज कर रहे है। लगातार उनके कनेक्शन को काटा जा रहा है। विद्युत लाइन जर्जर पड़ी हुई है। मंडियों में किसानों को खुलेआम लूटा जा रहा है। बाद में सैकड़ों किसान बुलंदशहर-औरंगाबाद-गढ़मुक्तेश्वर हाईवे पर नारेबाजी करते हुए पहुंचे और हाईवे को जाम कर दिया। हाईवे पर जाम लगने से वाहनों की लंबी लाइन लग गई। करीब 10 मिनट बाद किसानों ने पुतले को आग के हवाले कर दिया।
इस मौके पर नगराध्यक्ष कैलाश लोधी, नरेंद्र सिंह, मुकेश लोधी, राजकुमार शर्मा, रोहताश तेवतिया, अमरपाल लोधी, चौधरी अरब सिंह, गंगा प्रसाद पिलानिया, सतपाल सिंह, हरपाल सिंह, प्रमोद तेवतिया, रिंकू शर्मा, हरेंद्र यादव, वैभव वर्मा, धर्मेंद्र चौधरी, हरवीर सिंह आदि मौजूद रहे।