नगर के एक होटल में लाभार्थी सम्मेलन का शुभारंभ करते राज्य मंत्री ब्रशेश सिंह।
बुलंदशहर। केंद्र और प्रदेश सरकार ने देशभर में सड़कों का जाल बिछाकर न केवल लोगों को राहत दी है, बल्कि व्यापार को भी सुगम बनाया है। गरीबों को निशुल्क राशन हो या घरों में इज्जत घर बनाने, आयुष्मान भारत के तहत फ्री इलाज की सुविधा हो, सभी योजनाएं गरीबों के लिए तैयार की गई हैं। यह बातें लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने भाजपा के लाभार्थी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहीं।
शुक्रवार को नगर के एक होटल में भाजपा का लाभार्थी सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यमंत्री बृजेश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल सिसौदिया, सांसद डा. भोला सिंह, सदर विधायक प्रदीप चौधरी, नगर पालिका अध्यक्ष दीप्ति मित्तल ने मां सरस्वती के समक्ष दीप जलाकर किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष अनिल सिसौदिया ने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों के लिए सबसे अधिक योजनाएं संचालित हैं। साथ ही योजनाओं का लाभ देने में न जाति और न ही धर्म देखा गया है। प्रत्येक जाति-धर्म के गरीब लोगों को योजनाओं का लाभ दिया गया है। राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अब बिना भ्रष्टाचार के सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है, जबकि पूर्व की सरकार में योजनाओं को भ्रष्टाचार का सहारा बना लिया था। पूर्व की सरकार और भाजपा सरकार में बस यही फर्क है, कि भाजपा सरकार गरीबी हटाने के लिए कार्य करती है और पूर्व की सरकारों ने गरीबों को हटाने के लिए कार्य किया था।