मांगों को लेकर डीआईओएस कार्यालय पर प्रदर्शन करते शिक्षक।
- फोटो : ब्यूरो
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के बैनर तले बृहस्पतिवार को जिले भर के शिक्षकों ने डीआईओएस कार्यालय पर धरना दिया। शिक्षकों ने शासन से उनकी मांगों को पूरा करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग जल्द पूरी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने डीएम के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेजा।
प्रांतीय संरक्षक धर्मपाल सिंह, जिलाध्यक्ष राजेश भारद्वाज और जिला मंत्री परमानंद यादव बताया कि पुरानी पेंशन व्यवस्था को लागू करने, वेतन बढ़ाने और टीचरों को चिकित्सीय सुविधा का लाभ देने समेत अन्य मांगों को लेकर धरना दिया गया।
धर्मपाल सिंह और कमल सिंह यादव ने कहा कि सरकार को राज्य कर्मचारियों की भांति अनुदानित माध्यमिक विद्यालयों के टीचरों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को चिकित्सा सुविधा प्रदान करनी चाहिए।
सुंदरपाल यादव ने कहा कि विद्यालयों में कार्यरत व्यवसायिक शिक्षकों को शिक्षक पदों पर तैनात किया जाए। मूलचंद शर्मा ने सातवें वेतन आयोग की संस्तुतियों को केंद्र के समान लागू करने की मांग की। इस दौरान राजेश सोलंकी, ब्रजेश शर्मा, धर्मेंद्र अग्रहरि, रविशंकर तिवारी मौजूद रहे।