बीडीए के नोटिस के बाद काली नदी के आसपास रहने वालों ने आशियाना टूटने के डर से एसएसपी आवास घेरा। एसएसपी के मौजूद नहीं होने से लोग वापस लौट गए। लोगों ने सोमवार को कलक्ट्रेट के घेराव की चेतावनी दी है।
बता दें कि काली नदी के आसपास 200 मीटर के क्षेत्र में अवैध निर्माण को एनजीटी ने ध्वस्त कर हरित पट्टी विकसित करने के निर्देश दिए हैं। काली नदी के आसपास बड़ी संख्या में अवैध रूप से निर्माण करा दिए गए।
बीडीए ने 200 मीटर के क्षेत्र में अवैध रूप से निर्माण किए गए 180 दुकान-मकान मालिकों को नोटिस जारी किए थे। इस निर्माण को स्वयं ध्वस्त कराने के लिए एक माह का समय दिया गया है। बीडीए की कार्रवाई से सहमे लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया है।शनिवार को काली नदी के आसपास निर्माण करने वाले लोगों ने सपा जिला कार्यालय का घेराव किया था।
सपा जिलाध्यक्ष ने इन्हें कार्रवाई नहीं होने का आश्वासन दिया था। रविवार दोपहर करीब 12 बजेे काली नदी के आसपास निर्माण करने वाले लोग एसएसपी आवास पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। एसएसपी के आवास पर मौजूद नहीं होने से लोग वापस लौट आए। लोगों ने सोमवार को कलक्ट्रेट का घेराव करने की चेतावनी भी दी।
नियमानुसार जो कार्यवाही होगी, वह की जाएगी। कानून से उपर कोई नहीं है। जब लोग आए तो वह आवास पर नहीं थी। यदि उनसे कोई व्यक्ति अपनी परेशानी लेकर मिलेगा और वह कानूनी रूप से सही है तो उसकी मदद की जाएगी।- सोनिया सिंह, एसएसपी