साहिबाबाद। शालीमार गार्डन थानाक्षेत्र में चोरों ने सोमवार रात को घरों के बाहर खड़ी तीन कारों से बैटरी चोरी कर ली। पीड़ितों ने पुलिस को घटना की सूचना दे दी है। घटना के बाद न सिर्फ पुलिस सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं, बल्कि इससे लोगों में भी रोष है। डीएलएफ कॉलोनी के सेंट्रल पार्क के पास बी-62 निवासी निखिल यादव ने बताया कि उनके मकान की पार्किंग में उनकी, स्पर्श त्यागी और एक अन्य व्यक्ति की कार खड़ी थीं। चोर तीनों कारों की बैटरी चोरी करके ले गए। एक सप्ताह पहले भी कॉलोनी से कार की बैटरी चोरी हो चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस को गश्त बढ़ाने और संदिग्धों पर नजर रखने की जरूरत है। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है।