सिविल बार चुनाव: आज होगा मतदान, कुल 21 टेंडर वोट पड़े
बुलंदशहर। सिविल बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए बृहस्पतिवार को टेंडर वोट डाले गए। शुक्रवार को अध्यक्ष और महासचिव पद के लिए वोट डाले जाएंगे। जबकि, देर शाम को ही मतगणना के बाद विजयी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी।
बीते 11 दिसंबर को सिविल बार एसोसिएशन की नवीन कार्यकारिणी के चुनाव में प्रतिभाग करने के लिए अध्यक्ष पद पर तीन, उपाध्यक्ष पद पर एक, महासचिव पद पर दो, सहसचिव सामान्य, सहसचिव पुस्तकालय व कोषाध्यक्ष पद के लिए एक-एक और कार्यकारिणी सदस्य पदों के लिए आठ उम्मीदवार अधिवक्ताओं ने नामांकन किया था। सिविल बार एसोसिएशन के चुनाव अधिकारी यशपाल सिंह राघव ने बताया कि बीते सोमवार को नाम वापसी और नामांकन पत्रों की जांच के दौरान कार्यकारिणी सदस्य के दो उम्मीदवार अधिवक्ताओं ने नामांकन पत्र वापस ले लिया था। जिसके चलते उपाध्यक्ष पद के लिए अधिवक्ता अनुपमा रघुवंशी, सहसचिव सामान्य के लिए अधिवक्ता सुरेश चंद यादव, सहसचिव पुस्तकालय के लिए जयदीप शर्मा, कोषाध्यक्ष पद के लिए अजय कुमार सिरोही को निर्विरोध घोषित कर दिया गया था। जबकि, कार्यकारिणी सदस्य के लिए बाकी बचे सभी छह उम्मीदवारों अधिवक्ता परमेंद्र सिंह, दीपक कुमार, मोहम्मद आमिर, सतीश कुमार माहुर, गौरव मित्तल और सौरभ शर्मा को निर्विरोध घोषित किया गया था। वहीं, बृहस्पतिवार को अध्यक्ष पद के लिए अधिवक्ता आलोक सिंघल, रविंद्र पाल तेवतिया और संजय दीक्षित समेत महासचिव पद के लिए अधिवक्त कपिल मोहन और हरेंद्र कुमार शर्मा के लिए टेंडर वोट का आयोजन किया गया। मुख्य चुनाव अधिकारी यशपाल सिंह राघव ने बताया कि इस दौरान कुल 21 टेंडर वोट डाले गए हैं। अब शुक्रवार सुबह मतदान दस बजे से प्रारंभ होकर शाम पांच बजे तक होगा। जिसके बाद मतगणना होने पर विजयी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी।