बैंकों की 15, 16 मार्च को दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल
बुलंदशहर। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन ने बैंकों के निजीकरण के विरोध में 15 और 16 मार्च को हड़ताल की घोषणा की है। ऐसे में मार्च माह में 13 से लगातार चार दिन तक बैंक बंद रहेंगे। वहीं, 20 फरवरी से धरना प्रदर्शन शुरू करने की रणनीति बनाई गई है।
वित्त मंत्री निर्मला सीमारमण द्वारा जारी किए गए बजट में दो सरकारी बैंकों के निजीकरण की घोषणा की गई। बैंक कौन से बंद किए जाएंगे इसको लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है, लेकिन इससे पूर्व बैंक कर्मियों में डर बना हुआ है। ऐसे में सरकार की इस घोषणा के विरोध में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन ने 15 और 16 मार्च को दो दिनों की हड़ताल की घोषणा की है। वहीं, हड़ताल से पूर्व 13 मार्च को माह का दूसरा शनिवार और 14 मार्च को रविवार होने की वजह से बैंक चार दिन तक बंद रहेंगे। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के जिला संयोजक विक्रम सिंह राघव ने बताया कि सरकार द्वारा 2019 में आईडीबीआई द्वारा निजीकरण किया जा चुका है। सरकार द्वारा यदि मांगों को नहीं माना गया तो आंदोलन किया जाएगा। इसके लिए 19 फरवरी को सभी राज्यों की राजधानी में और 20 फरवरी से 10 मार्च तक सभी जनपदों में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।