चार दिन बाद बैंक खुलने पर 300 करोड़ का हुआ लेनदेन
बुलंदशहर। चार दिन बाद मंगलवार को जब बैंक खुले तो लोग रुके हुए कार्य को करवाने पहुंचे। पिछले चार दिन बैंक बंद होने पर नकदी निकासी को लेकर लोगों को परेशानियों हुई। जो मंगलवार को बैंक खुलने पर लेनदेन संबंधी कार्य होने पर राहत मिली है। जिले में देर शाम तक करीब 300 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
12 अगस्त को रक्षाबंधन, 13 अगस्त को माह का दूसरा शनिवार, 14 अगस्त को रविवार और 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के चलते लगातार बैंकों का चार दिन अवकाश रहा। बैंकों पर ताला लटका होने के साथ-साथ 50 फीसदी से अधिक एटीएम भी बंद रहे और जिनमें कैश था वह एक-दो दिन में समाप्त हो जाने पर वह भी कैशलेस हो गए। इससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी थी। इसी कारण जब बैंक खुले तो लोगों की भीड़ लेनदेन संबंधी कार्य में लगी रही।
भीड़ अधिक होने के कारण ग्राहकों को लेनदेन के लिए काफी इंतजार करना पड़ा। जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक अभिषेक गुप्ता ने बताया कि चार दिन बाद बैंक खुले हैं। जिस कारण मंगलवार को बैंकों में भीड़ रही। जिलेभर के बैंकों में करीब 300 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है। साथ ही कैशलेस चल रहे एटीएम में भी धनराशि रखवा दी गई है।
चार दिन बाद खुले कार्यालय, फरियादियों की लगी भीड़
बुलंदशहर। रक्षाबंधन पर्व से लेकर स्वतंत्रता दिवस तक लगातार चार दिन सभी सरकारी कार्यालय बंद रहे। वहीं, अब स्वतंत्रता दिवस के बाद मंगलवार को सभी दफ्तर खुलने पर फरियादी काफी संख्या में पहुंचे। अफसरों को उन सभी की समस्याओं के निस्तारण व सुनने के लिए अधिक समय तक कार्यालय पर बैठना पड़ा। गत 12 अगस्त को रक्षाबंधन, 13 अगस्त को सेकंड सटर्डे, 14 अगस्त को रविवार और 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस की सरकारी छुट्टी होने पर कलक्ट्रेट स्थित सभी कार्यालय, विकास भवन, प्राधिकरण समेत सभी सरकारी दफ्तर बंद रहे। मंगलवार को दफ्तर खुलने पर सुबह से ही एसएसपी दफ्तर और कलक्ट्रेट में भारी संख्या में फरियादी पहुंचे और अपनी समस्या के निवारण की अफसरों से मांग की।