डीएवी कॉलेज के मैदान में अंडर-16 लीग की विजेता टीम मुख्य अतिथि के साथ। स्रोत : आयोजक
बुलंदशहर। डीएवी कॉलेज के मैदान में जिला क्रिकेट एसोसिएशन के बैनर तले चल रहा अंडर-16 लीग शुक्रवार को संपन्न हो गया। शुक्रवार को बालाजी क्रिकेट एकेडमी और बीबीसी क्रिकेट एकेडमी के बीच ट्रॉफी के लिए मुकाबला खेला गया। जिसे बालाजी क्रिकेट एकेडमी की टीम ने दो विकेट से जीत लिया। वहींं, उमंग को मैन ऑफ द मैच चुना गया। काजिम को बेस्ट बल्लेबाज का खिताब देकर सम्मानित किया गया।
फाइनल मुकाबले का शुभारंभ हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आईएएस नितिन गौड़, पूर्व डीजीपी उत्तर प्रदेश एवं जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चौहान आईपीएस ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव महेश गुप्ता ने बताया कि बालाजी क्रिकेट एकेडमी और बीबीसी क्रिकेट एकेडमी के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया।
बीबीसी क्रिकेट एकेडमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी को चुना। टीम 145 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। जिसमें नितिन ने 32 रन और रोहन ने 24 रन बनाए। बालाजी क्रिकेट एकेडमी के उमंग ने तीन और अर्जुन व दीपेश ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बालाजी क्रिकेट एकेडमी ने आठ विकेट खोकर 146 रन बनाकर फाइनल मैच को जीत लिया। जिसमें तुषार ने 38 रन, दीपेश ने 34 रन व उमंग ने नाबाद 19 रन बनाए।
बीबीसी के गेंदबाज काजिम ने चार विकेट लिए। इस दौरान बालाजी क्रिकेट एकेडमी के उमंग को मैन ऑफ द मैच और काजिम को मैन ऑफ द सीरीज का खिताब देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारी प्रो. भीष्म सिंह, सुखदेव शर्मा, बालाजी क्रिकेट एकेडमी के कोच मुनेश गिरी, अमरीश गुप्ता, राजेश शर्मा, राकेश गुप्ता, महेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।