दिल्ली में क्रिकेट मैच खेलने के दौरान खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते अतिथि। स्रोत - स्वयं
बुलंदशहर। दिल्ली के पटेल नगर में रविवार को अंडर-14 एकदिवसीय क्रिकेट मैच का आयोजन हुआ। नगर की बालाजी क्रिकेट एकेडमी की टीम ने दिल्ली जिमखाना की टीम को 152 रन से हराकर मैच जीत लिया।
बालाजी क्रिकेट एकेडमी के कोच मुनेश गिरी ने बताया कि अंडर-14 का टूर्नामेंट जल्द ही होना है। उससे पहले दिल्ली के पूर्व रणजी खिलाड़ी सरदार बंटू सिंह ने पटेल नगर के रामजस ग्राउंड में एक दिवसीय क्रिकेट मैच का आयोजन किया। इसमें जिमखाना दिल्ली और बुलंदशहर की बालाजी क्रिकेट एकेडमी की टीम ने प्रतिभाग किया।
बालाजी एकेडमी ने टॉस जीत पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। बालाजी की ओर से इशांत कश्यप ने सर्वाधिक 74 रन, राघव वशिष्ठ ने 49 रन, भरत ने 42 और हर्षित कौशिक के 18 रन की बदौलत 40 ओवर में नौ विकेट खोकर 263 रन बनाए। दिल्ली जिमखाना के यश यादव ने तीन विकेट, अवंतिका चौरसिया ने दो विकेट, अरमान, राघव गुलाटी व जपनीत कौर ने एक-एक विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली जिमखाना की टीम के खिलाड़ी बालाजी क्रिकेट टीम की गेंदबाजी का सामना नहीं कर पाए। दिव्यम मेहरा 20 रन, सुभान, सौरव पाल व एकांश अरोरा 15-15 बनाकर आउट हो गए। टीम महज 112 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। बालाजी की तरफ से उमंग व करिश्मा राजपूत ने तीन-तीन विकेट, शेखर ने दो विकेट और नमनवीर व मंदीप ने एक-एक विकेट लिया। इशांत कश्यप को मैन ऑफ द मैच और उमंग को मैच ऑफ द प्लेयर चुना गया। टीम को आयोजक ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।