खुर्जा। कोतवाली क्षेत्र निजामपुर गांव में बुधवार रात को संदिग्ध परिस्थितियों में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा खंडित हो गई। ग्रामीणों ने अज्ञात लोगों पर आरोप लगाकर हंगामा किया और प्रदर्शन किया। सूचना पर सीओ खुर्जा वरुण सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। इसके बाद नई प्रतिमा लगवाकर मामला शांत करवाया गया।
निजामपुर गांव निवासी ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम समाज की जमीन पर बाबा साहेब की प्रतिमा लगी है। बृहस्पतिवार सुबह देखा गया कि प्रतिमा का ऊपरी हिस्सा खंडित पड़ा था। इसमें ग्रामीणों ने अज्ञात लोगों पर आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। यह जानकारी आस-पास के गांव में भी पहुंच गया। इसमें विभिन्न गांव व समाज के लोग मौके पर पहुंच गए और हंगामा शुरू हो गया। ग्रामीणों ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग शुरू की। हंगामे की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर गई, लेकिन मामला शांत नहीं हो सका।
सुबह करीब 11 बजे सीओ खुर्जा वरुण कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। उन्होंने आरोपियों पर कार्रवाई करने और वहां नई प्रतिमा लगाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद हंगामा शांत हो गया। सीओ ने बताया कि प्रतिमा काफी पुरानी थी, जिसके चेहरे पर पहले से दरार आ रही थी। बुधवार रात को बारिश भी हुई है। बृहस्पतिवार सुबह देखा गया कि चेहरे का कुछ हिस्स टूटकर नीचे गिर गया। ऐसे में स्थानीय लोगों के सहयोग से नई प्रतिमा लगवाई जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है।
12 दिन पहले दी शिकायत पर नहीं हुई कार्रवाई
ग्रामीणों ने 19 जनवरी ग्रामीणों ने सीओ खुर्जा को शिकायत दी थी कि कुछ लोग अंबेडकर पार्क पर प्लॉटिंग करके कब्जा करना चाहते हैं। इसमें ग्रामीणों ने सीओ कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कोई कोई सुनवाई नहीं हो सकी थी।