चोला। क्षेत्र के गांव खवासपुर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर उपकेंद्र लगभग तीन महीने से बंद पड़ा हुआ है। जिसके चलते रोगियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोगियों को उपचार के लिए चोला पीएचसी, वैर पीएचसी जाना पड़ता है।
ग्रमीणों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए क्षेत्र के गांव खवासपुर में आयुष्मान आरोग्य मंदिर उपकेंद्र बनाया गया था। उपकेंद्र से खवासपुर के अलावा क्षेत्र के गांव फतेहपुर जादौन, सुल्तानपुर, निठारी भी जुड़े हैं। चारों गांव की आबादी करीब आठ हजार है। पिछले तीन माह से उपकेंद्र बंद पड़ा हुआ है। जिसके चलते रोगियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें उपचार के लिए पीएचसी चोला, वैर जाना पड़ता है। वैर चिकित्सा प्रभारी डॉ. सचिन भाटी ने बताया कि उपकेंद्र पर तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी की बीमारी के कारण मार्च में मौत हो गई थी। उपकेंद्र पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी को तैनात किए जाने को सीएमओ को पत्र लिखा है। स्वास्थ्य अधिकारी की तैनाती होने के साथ ही फिर से ग्रामीणों को उपचार की सुविधा मिलने लगेगी। संवाद