जिला अस्पताल में करोड़ों की लागत से बन रही मैटरनिटी विंग 15 अगस्त को शुरू कर दी जाएगी। मैटरनिटी विंग के शुरू होने से जिले की सैकड़ों गर्भवती महिलाओं को उच्चस्तरीय इलाज मिल सकेगा। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने इसको लेकर सीएमओ और निर्माणदायी संस्था को निर्देश जारी किए हैं।
जिला अस्पताल में 20 करोड़ की लागत से मैटरनिटी विंग का निर्माण किया जा रहा है। प्रदेश मेें अगले वर्ष विधानसभा चुनावों को देखते हुए इसका निर्माण कार्य काफी तेजी से कराया जा रहा है। एक साल के भीतर ही इस बहुमंजिला इमारत का निर्माण कार्य करीब 75 फीसदी पूरा हो चुका है।
विधानसभा चुनावों में इसका श्रेय लेने के लिए सपा सरकार इसे जल्द से जल्द शुरू कराना चाहती है। इसी को देखते हुए प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने सीएमओ और निर्माणदायी संस्था को इसे स्वतंत्रता दिवस तक शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रमुख सचिव स्वास्थ्य के निर्देश के बाद मैटरनिटी विंग का निर्माण कार्य और तेज कर दिया गया है। सीएमओ डॉक्टर दीपक ओहरी ने बताया कि मैटरनिटी विंग का निर्माण कार्य काफी हद तक पूरा हो चुका है। समय-समय पर इसका निरीक्षण किया जा रहा है। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने इसे स्वतंत्रता दिवस पर जनता को समर्पित करने के निर्देश दिए हैं।
गर्भवती महिलाओं को मिलेगा लाभ
मैटरनिटी विंग के शुरू हो जाने से जनपद की गर्भवती महिलाओं को काफी फायदा होगा। जिला महिला अस्पताल में आमतौर सर्जरी के केसों को हायर सेंटर रेफर कर दिया जाता है।
वजह, अस्पताल में क्रिटीकल केसेज को देखने के लिए पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं। साथ ही गर्भवती महिलाओं को छोटी-छोटी जांचों और अल्ट्रासाउंड के लिए भी बाहर जाना पड़ता है। मैटरनिटी विंग में सर्जरी से लेकर आधुनिक जांचों तक सारी सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध होंगी।