11वीं की छात्रा ने युवक संग गंगा में लगाई छलांग, शाम तक नहीं लगा सुराग
अहार। 11वीं की छात्रा ने बुधवार को सुबह एक युवक के साथ सिद्ध बाबा गंगा घाट पर गंगा में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों की सूचना के बाद फ्लड प्लाटून और गोताखोरों ने दोनों की गंगा में तलाश की लेकिन शाम तक पता नहीं लगाया जा सका। वहीं, छात्रा के पिता ने गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक 11वीं की छात्रा और गांव निवासी युवक गंगा घाट के पास घूमते देखे गए थे। बताया जा रहा है कि दोनों एक वैन से गंगा घाट पर पहुंचे थे। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घंटों तक गंगा घाट पर घूमने के बाद सुबह 10:30 बजे के आसपास उन्होंने गंगा में छलांग लगा दी। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे गोताखोर और फ्लड प्लाटून की टीम ने दोनों को काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। टीम अभी तलाश में जुटी है। पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए एक वैन को कब्जे में लेते हुए उससे छात्रा का स्कूल बैग और अन्य सामान बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस छात्रा के परिजनों तक पहुंची। बताया जा रहा है कि दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे।
छात्रा के पिता ने लगाया अपहरण का आरोप
छात्रा के पिता ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उनकी बेटी ऊंचागांव के एक इंटर कालेज में 11वीं की छात्रा है। मंगलवार सुबह वह स्कूल के लिए गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। उन्होंने गांव निवासी रविंद्र, सुनील और मुकेश पर बेटी को अगवा करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गंगा घाट पर श्रद्धालुओं को देखकर बेटी ने शोर मचा दिया था। इस दौरान आरोपियों की वैन खराब हो गई। इसके बाद आरोपी दूसरी गाड़ी से बेटी को कहीं और उठाकर ले गए हैं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शोर मचाते रहे इतने में ही डूब गए दोनों
गंगा किनारे घूम रहे लोगों ने बताया कि जैसे ही युवक-युवती ने गंगा में छलांग लगाई तो कुछ लोगों ने शोर भी मचाया। जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक वह दिखाई देना ही बंद हो गए। गंगा में जलस्तर बढ़ने के कारण पानी का बहाव भी तेज हो रहा है। वहां मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि एक तैराक ने भी बचाने के लिए छलांग लगाई, लेकिन वह उन्हें नहीं बचा सका।
प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। कुछ लोगों का कहना है कि एक छात्रा और एक युवक को गंगा में छलांग लगाते हुए देखा है। इस संबंध में पीड़ित पिता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आगे की जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - वंदना शर्मा, सीओ