स्याना। क्षेत्र के गांव बरौली वासदेवपुर में वसूली करने गए संग्रह अमीन पर बकाएदारों द्वारा धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। एसडीएम के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तहसील में तैनात संग्रह अमीन राजपाल सिंह ने तहरीर देकर बताया कि गत दो मार्च को वह गांव बरौली वासदेवपुर में बकाया वसूली के लिए गया था। बकाया रकम का तगादा करने पर आरोपियों ने उसके ऊपर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। एसडीएम के आदेश पर पुलिस ने गांव बरौली वासदेवपुर निवासी नौरतन, रवि, महेश व हरवीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद