बिना तैयारी दबिश देने पर एसएसपी ने मांगा स्पष्टीकरण
बुलंदशहर। एसएसपी ने कानपुर की घटना के बाद जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने पर नाराजगी जताते हुए एसओजी की टीम से स्पष्टीकरण मांगा है। स्वाट टीम ने नगर पुलिस को सूचना दिए बगैर एक हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने के लिए आधी-अधूरी तैयारियों के साथ दबिश दी थी। टीम पर वहां हिस्ट्रीशीटर ने अन्य लोगों के साथ हमला कर दिया था।
गत शनिवार एसओजी टीम ने मोहल्ला सरायकाजी में काली नदी बांध के पास एक हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने के लिए दबिश दी थी। हिस्ट्रीशीटर शाहिद ने अपने भाइयों एवं अन्य लोगों के साथ पुलिस टीम हमला कर दिया था। एसओजी पर फायरिंग भी की गई, जिसके बाद टीम ने फायरिंग करते हुए वहां से भागकर जान बचाई। बाद में नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। नगर कोतवाली में आरोपी हिस्ट्रीशीटर शाहिद और अन्य के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी द्वारा एसओजी टीम से जवाब-तलब किया गया है। कानपुर की घटना के बाद पुलिस को दबिश देने के लिए बुलेट प्रूफ जैकेट, बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट आदि का उपयोग करना था, लेकिन निर्देशों की अनदेखी की गई। एसएसपी द्वारा एसओजी की टीम से पूरे मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दबिश देने के दौरान दिशा-निर्देशों का पालन किया जाना चाहिए था। मामले में लिखित स्पष्टीकरण तलब किया गया है।