कड़कड़ाती ठंड में कहर बरपाने वाला स्वाइन फ्लू का वायरस अब 39 डिग्री के तापमान में भी लोगों को टेंशन दे रहा है। ऐसा पहली बार हुआ है जब इस वायरस ने इतनी गर्मी में किसी को शिकार बनाया हो।
बुलंदशहर की रहने वाली 21 वर्षीया युवती को डॉक्टरों ने स्वाइन फ्लू की पुष्टि की थी। फिलहाल शहर के एक निजी अस्पताल में नो अप्रैल से भर्ती युवती का इलाज चल रहा है। उधर डॉक्टर भी इस वायरस के गर्मियों में सक्रिय होने से हैरान और परेशान हैं।
बुलंदशहर निवासी 21 वर्षीया सुमायला एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती हैं। स्वाइन फ्लू से पीड़ित इस युवती को वेंटीलेटर पर रखा गया है। बृहस्पतिवार को उनके परिजन एमएमजी अस्पताल टेमीफ्लू लेने पहुंचे, तो इसकी जानकारी हुई।
पीड़िता के परिजनों को जिला अस्पताल से टेमीफ्लू की दवा दी गई। इससे पहले भी जब पारा 35 डिग्री के करीब था तब प्रिया महाजन को एक अन्य निजी अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराया गया था।
जिला एमएमजी अस्पताल में तैनात डीएमओ जीके मिश्रा ने बताया कि सुमायला के परिजन बृहस्पतिवार को अस्पताल में दवा लेने पहुंचे थे। तमाम रिपोर्ट और कागज देखने के बाद उन्हें टेमीफ्लू दे दी गई है।