जिला चिकित्सालय के मेडिकल वार्ड में भर्ती बुखार के मरीज। संवाद
बुलंदशहर। जिला चिकित्सालय की ओपीडी एवं इमरजेंसी में प्रतिदिन 200 से अधिक वायरल बुखार के मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे है। वायरल बुखार का प्रकोप बढ़ने पर ब्लड जांच की संख्या बढ़ा दी गई है। साथ ही गंभीर मरीजों की संख्या बढ़ने पर मेडिकल वार्ड आरक्षित किया जाएगा। अभी तक जिला चिकित्सालय की पैथोलॉजी लैब में प्रतिदिन 30 से 40 मरीजों की डेंगू, मलेरिया और 50 से 60 टाइफाइड की जांच की जा रही है। इसे बढ़ाकर अब 40 से 80 तक किया जाएगा। उधर, शनिवार को ओपीडी में 248 वायरल बुखार के मरीजों ने परामर्श लिया।
जिला चिकित्सालय की ओपीडी में प्रतिदिन 1200 से 1800 मरीज प्राथमिक उपचार कराने के लिए आ रहे हैं तो वहीं, 40 से 60 मरीज इमरजेंसी में पहुंच रहे हैं। इनमें वायरल बुखार के मरीज भी शामिल रहते हैं। जिनकी संख्या पिछले सप्ताह से बढ़ने लगी है। वायरल बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने पर अस्पताल प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। चिकित्सालय की पैथोलॉजी लैब में ब्लड जांच का दायरा बढ़ाने के साथ बुखार पीड़ित मरीजों के लिए बेड की संख्या बढ़ाने में जुट गया है।
अभी तक जिला चिकित्सालय के मेडिकल वार्ड में सामान्य मरीजों के साथ बुखार के मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। बुखार पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ने की संभावना देख बेड की संख्या बढ़ाने में अस्पताल प्रशासन जुट गया है। वहीं, पैथोलॉजी लैब में डेंगू एवं मलेरिया की 30 से 40 जांच की जगह इसे बढ़ाकर 40 से 60 किया जाएगा। साथ ही टाइफाइड जांच 60 से 80 तक की जाएगी। जिससे अधिक मरीजों को लाभ मिल सके। उधर, ओपीडी में वायरल बुखार मरीजों ने पहुंच परामर्श एवं दवा ली। साथ ही ब्लड जांच कराई।
बनाई गई फीवर डेस्क
जिला चिकित्सालय की ओपीडी में वायरल बुखार के मरीज बढ़ने पर शनिवार को फीवर हेल्प डेस्क खोली गई। नोडल अधिकारी डॉ. धीर सिंह ने बताया कि ओपीडी में वायरल बुखार के मरीज बढ़ने लगे है। मरीजों को समय पर उपचार एवं परामर्श मिल सके। इसके लिए फिजिशियन कक्ष के बाहर फीवर डेस्क खोली है। जिसका शुभारंभ शनिवार को किया गया। फीवर डेस्क पर विशेषज्ञ मरीजों को परामर्श देंगे।
Iकोट I
Iवायरल बुखार के मरीज बढ़ने पर डेंगू, मलेरिया एवं टाइफाइड जांच की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए है। साथ ही गंभीर मरीजों के लिए मेडिकल वार्ड में बेड की संख्या बढ़ाई जाएगी। - डॉ. प्रदीप राणा, प्रभारी सीएमएस जिला चिकित्सालय I