सिकंदराबाद। ऋषिकेश क्षेत्र में गाड़ी पलटने से तीन श्रद्धालुओं की मौत की सूचना मिलने के साथ ही मोहल्ले में शोक छा गया। बड़ी संख्या में लोग मृतकों और घायलों के घर के बाहर जमा हो गए। परिजनों के मुताबिक मृतक अपने साथियों संग गंगोत्री में कावड़ यात्रा के दौरान भंडारा करने के लिए गए थे।
भंडारा करने के लिए लोगों के परिजन मोहल्ला कायस्थवाड़ा निवासी रमेशचंद सैनी, डालचंद सैनी, गुलाब प्रजापति, महेंद्र ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे उन्हें हादसे की सूचना मिली। उन्हें बताया गया कि भंडारे के लिए जा रहीं तीन गाड़ियों में से एक ब्रेक फेल होने के कारण पलट गई। गाड़ी में सामान के साथ 21 लोग सवार थे। सभी लोग घायल हो गए हैं। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी होने पर भंडारे में गए लोगों के परिजनों की चिंता बढ़ गई। सभी लोग फोन पर अपनों की कुशलता जानने के प्रयास में जुट गए। सही जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों की चिंता और बढ़ गई। दोपहर करीब तीन बजे हादसे में मोहल्ला कायस्थवाड़ा बड़ी होली निवासी 40 वर्षीय सुनील प्रजापति, 25 वर्षीय विक्की, 45 वर्षीय संजय मास्टर की मौत की सूचना मिली। जैसे ही मोहल्लावासियों को मौत की सूचना मिली तो शोक छा गया। मोहल्ले के लोगों के साथ बड़ी संख्या में रिश्तेदार भी मृतकों के घर पहुंचे। जिसके चलते उनके घर के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सात साल से लगाते आ रहे हैं भंडारा
शिव शक्ति कावड़ सेवा ट्रस्ट के सदस्य धन सिंह प्रजापति ने बताया कि ट्रस्ट कावड़ यात्रा के दौरान पिछले सात साल से गंगोत्री में भंडारा लगाता आ रहे हैं। इस बार भी बृहस्पतिवार से गंगोत्री में भंडारा लगाया जाना था। इसके लिए तीन कैंटर गाड़ियों में सामान भरकर करीब 40 लोग भंडारा लगाने के लिए रवाना हुए थे। बाकी लोगों को एक दो दिन बाद भंडारे में शामिल होने के लिए पहुंचते। भंडारे लगाने के लिए जाने वाले लोगों में मोहल्ला कायस्थवाडा, रामबाडा, चौधरीवाड़ा, हीरा कॉलोनी समेत नगर की अन्य कॉलोनियों के लोग शामिल थे। सभी लोग मंगलवार की रात में करीब दस बजे गंगोत्री के लिए रवाना हुए थे।
एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर की जानकारी
हादसे की जानकारी मिलने पर एसडीएम संतोष कुमार, नायब तहसीलदार अंकित के साथ मोहल्ला कायस्थवाड़ा पहुंचे। एसडीएम ने मोहल्लावासियों से मृतकों के बारे में जानकारी करने के साथ ही घायलों के बारे में भी जानकारी ली। एसडीएम ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।