बुलंदशहर। रेनेसा स्कूल की कक्षा 10-डी की छात्रा आराध्या तेवतिया का चयन उत्तर प्रदेश महिला बास्केटबाल लीग के प्रथम सत्र के लिए हुआ है। आराध्या रानी लक्ष्मीबाई फाइटर्स टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय में खुशी का माहौल है।
उत्तर प्रदेश बास्केटबाल एसोसिएशन के तत्वावधान में लीग का आयोजन 30 सितंबर से तीन अक्तूबर तक परदादा-परदादी स्कूल अनूपशहर में किया जाएगा। विद्यालय के लिए एक और गौरव की बात है कि शारीरिक शिक्षा विभाग के दो शिक्षकों को भी लीग में जिम्मेदारी मिली है।
शारीरिक शिक्षा शिक्षिका शालू को ट्रिपल ट्रैक शक्ति टीम का सहायक कोच नियुक्त किया गया है।शिक्षक ऋषभ बत्रा को लीग के मैचों के संचालन के लिए आधिकारिक नियुक्ति मिली है। विद्यालय के मुख्य प्रशासक डॉ. अभिराग शर्मा, वरिष्ठ प्रशासक विश्वास शर्मा, शिवम मोहन शर्मा और प्रशासक वरुण कौशिक ने छात्रा और शिक्षकों की उपलब्धि पर खुशी जताई।