गाजियाबाद। कविनगर थाना क्षेत्र में वार्ड-18 की पार्षद के पति को कार से कुचलकर जान से मारने के प्रयास का मामला सामने आया है। पार्षद पति का आरोप है कि सफेद इनोवा क्रिस्टा सवार युवक ने उन पर तीन बार गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की, लेकिन सूझबूझ से वह बाल-बाल बच गए। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि पार्षद पति की तहरीर पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना रविवार रात करीब एक बजे की है। पार्षद शशि के पति डॉ. पवन गौतम ने बताया कि वह खुर्जा से लौटकर अपने मित्र नरेंद्र पाल के साथ कोर्ट चौक पहुंचे थे। नरेंद्र अपनी बाइक लॉक करने चले गए, जबकि डॉ. गौतम सड़क किनारे खड़े होकर उनका इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार इनोवा क्रिस्टा उनके सामने आकर रुकी।
डॉ. गौतम का आरोप है कि कार में सवार युवक ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उनको कार से कुचलने का प्रयास किया। डॉ. गौतम के अनुसार, जान बचाने के लिए वह पास खड़े एक पेड़ के पीछे छिप गए। आरोप है कि हमले में नाकाम रहने के बाद आरोपी ने गुस्से में उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे तो आरोपी भाग गया।
डॉ. गौतम का कहना है कि उन्होंने डायल-112 पर सूचना देने का प्रयास किया, लेकिन कॉल नहीं लग सकी। इसके बाद उन्होंने पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दी।
जनप्रतिनिधियों में रोष
पार्षद पति पर कथित जानलेवा हमले की सूचना मिलते ही जनप्रतिनिधियों में नाराजगी फैल गई। सोमवार को कई पार्षद और स्थानीय जनप्रतिनिधि थाना और एसीपी कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। स्थिति को देखते हुए एसीपी कविनगर ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।