बुलंदशहर। अनिरुद्ध और अर्पित में गहरी दोस्ती है, इसलिए दोनों अधिकतर समय साथ ही गुजारते हैं। तीन दिन पहले अनिरुद्ध के पैर में चोट लगी तो बुधवार शाम साथ चलने के लिए अर्पित ने स्कूटी छोड़ गैराज से अपनी कार निकाल ली। गली के दोस्तों ने दोनों को साथ जाते देखकर हंसी-मजाक किया। किसे पता था कि आज ये दोनों हादसे का शिकार होने वाले हैं।
दोस्तों ने बताया कि अर्पित ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। वह पहले एक आइसक्रीम फैक्टरी चलाते थे। उसमें नुकसान के बाद वह किसी कंपनी में नौकरी करने लगे थे। कुछ माह पूर्व ही वह नौकरी छोड़कर बुलंदशहर में ही कोई काम ढूंढ रहे थे।
उनका सदर तहसील के निकट एक प्लॉट है, जिसे वह और उनके परिजन बेचना चाह रहे हैं। बुधवार को भी अर्पित किसी को प्लॉट दिखाने के लिए घर से निकले थे। शाम को वापस आने के बाद अपनी स्कूटी खड़ी कर गाड़ी लेकर गली में पहुंचे, जहां दोस्त अनिरुद्ध मिला।
अनिरुद्ध गाजियाबाद में रोडवेज बस स्टैंड के निकट स्थित एक अस्पताल में एचआर विभाग में नौकरी करते हैं। शनिवार शाम को छुट्टी पर वह अपने घर आए थे। उनकी पत्नी गाजियाबाद में ही आबकारी विभाग में नौकरी करती हैं। रविवार को नगर के सिटी स्टेशन रोड पर हुए एक्सीडेंट में उनके पैर में गंभीर चोट आई थी। चिकित्सक ने उन्हें एक सप्ताह आराम की सलाह दी थी। इसी के चलते अर्पित कार लेकर पहुंचे थे।
निकलते समय गली के अन्य साथियों को उन्होंने वलीपुरा नहर की तरफ किसी काम से जाने व खाना खाकर आने की बात कही। देर रात घटनास्थल पर पहुंचे दोस्त हादसे के बाद से सहमे हुए हैं। कई युवक पूरी रात नहर के आसपास दोनों की तलाश करते रहे।
कार के उड़े परखच्चे.. पिता और भाई कार को देख हुए बेसुध
बुधवार देर रात करीब 12:50 बजे क्रेन की मदद से मशक्कत के बाद गाड़ी को बाहर निकाला गया। गाड़ी के एयरबैग खुले हुए थे और वह पूरी तरह से क्षतिग्रस्त थी। कार बाहर आते ही अर्पित के पिता और भाई कार की बदहाल हालत देखकर बेसुध से हो गए।
सोशल मीडिया पर डूबी कार का वीडियो वायरल, नजर आ रहे हाथ-पैर
हादसे के बाद सोशल मीडिया पर नहर में डूबी कार के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। करीब छह मिनट के वीडियो में नहर पुल पर लगाए गए स्लुइस गेट में कार फंसी दिख रही है। इसके इंडिकेटर डूबने के बावजूद काफी देर तक जलते हुए दिखे। कुछ देर बाद गाड़ी के पास ही एक व्यक्ति का हाथ व पैर भी छटपटाते हुए नजर आया। गुजर रहे लोगों ने अपनी मफलर व चादर बांधकर उन तक पहुंचाने की कोशिश भी की लेकिन असफल रहे।
इस तरह हुआ हादसा..
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार खुर्जा की ओर से वलीपुरा स्थित दोनों नहरों के बीच बने मार्ग पर तेज गति से आई। कार को बुलंदशहर के लिए नई वाली नहर पर बने पुल से मुड़ना था। कार वहां न मुड़ कर थोड़ा आगे गई, इसके बाद तेज स्पीड से टर्न लिया। फिर जोरदार आवाज के साथ नहर किनारे बनी करीब डेढ़ फीट की दीवार से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई।
टाइम लाइन...
शाम छह बजे : दोनों युवक साथ में वलीपुरा नहर से आगे किसी काम से निकले।
रात करीब नौ बजे : अर्पित की मोहल्ला निवासी अपने एक परिचित से फोन पर बात हुई।
रात करीब सवा नौ बजे : अर्पित की अपनी मम्मी से फाेन पर बातचीत हुई।
रात करीब साढ़े 11 बजे : कार का नंबर दिखने पर परिजनों को सूचना दी गई।
रात करीब 12 बजे : परिजन व मोहल्लावासी दुर्घटनास्थल पर पहुंचे।
रात करीब 12:50 बजे : कार को नहर से बाहर निकाला गया।
सुबह करीब सात बजे : एनडीआरएफ मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू हुआ।
सुबह करीब साढ़े नौ बजे : घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर नहर से अज्ञात शव मिला।
कोट
हादसे में कार व उसमें सवार दो युवकों के डूबने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को रेस्क्यू के निर्देश दिए। सुबह एनडीआरएफ पहुंची है, जो कि तलाशी अभियान में जुटी हुई है। जल्द ही दोनों युवकों को तलाश लिया जाएगा। - सीपी सिंह, डीएम