बुलंदशहर। नगर के स्याना बस अड्डा क्षेत्र में पिछले दो दिन से बिजली नहीं आने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ पेयजल की समस्या भी गहरा गई है। बार-बार गुहार लगाने के बाद भी जब बिजली नहीं आई तो बृहस्पतिवार को लोगों ने प्रदर्शन किया। चेतावनी दी है कि यदि बिजली सप्लाई चालू नहीं की तो ऊर्जा निगम के कार्यालय का घेराव करेंगे।
स्याना बस अड्डा क्षेत्र निवासी हबीबी, बंटी, विशाल, भूरा, राजू, संजय, इमरान, याकूब, कमल और आजाद ने बताया कि पिछले दो दिन से क्षेत्र के किदवई नगर, फैसलाबाद, हीरापुर समेत कई मोहल्लों में बिजली नहीं आ रही है। इस समय भीषण गर्मी के चलते लोग जहां गर्मी से बेहाल हो रहे हैं तो साथ ही स्थिति यह बन रही है कि पीने तक का पानी नहीं मिल पा रहा है। रात को सो नहीं पा रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों और वृद्धों को हो रही है। ऐसा नहीं है कि इस समस्या से ऊर्जा निगम के कर्मचारियों के साथ अधिकारियों को अवगत न कराया हो, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। ऊर्जा निगम के अधिकारियों का कहना है कि बिजलीघर पर फाल्ट आ गया है, जिसे सही किया जा रहा है। जल्द ही फाल्ट को दूर बिजली सप्लाई को चालू कर दिया जाएगा।