बीबीनगर के चितसोना अल्लीपुर में बच्चे की मौत के बाद जांच करती पुलिस। स्रोत: पुलिस
बीबीनगर। चित्सोना अल्लीपुर गांव में बुधवार सुबह पांच वर्षीय मासूम खेलते समय पैर फिसलने से पोखर में जा गिरा। जब तक ग्रामीण उसे बचाने के लिए दौड़े, वह दलदल और गहरे पानी में ओझल हो गया। घंटों की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
घटना बीबीनगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, चित्सोना अल्लीपुर निवासी हरवीर सिंह का पुत्र वरुण बृहस्पतिवार सुबह गांव के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान बच्चे पोखर के समीप पहुंच गए। वहां संतुलन बिगड़ने से वरुण पानी में जा गिरा।
वरुण को डूबता देख अन्य बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पास ही मौजूद एक ग्रामीण उसे बचाने के लिए पोखर में कूदा, लेकिन अत्यधिक कीचड़ और दलदल होने के कारण वह बच्चे तक नहीं पहुंच सका।
देखते ही देखते वरुण पानी में ओझल हो गया। बाद में ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को पोखर से निकाला। तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। मासूम की मौत से मां व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
सीओ स्याना रामकरण सिंह ने बताया कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए एसडीएम स्याना से संपर्क किया गया है। शासन स्तर से मिलने वाली आपदा राहत या अन्य सरकारी योजनाओं से परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।