बुलंदशहर/खुर्जा। पॉटरी एसोसिएशन का चुनाव नियम के विरुद्ध होने की शिकायत पर न्यायालय ने अमीन कमीशन का गठन कर जांच के आदेश दिए थे। साथ ही एसोसिएशन के सदस्यों को जवाब तलब किया था। बृहस्पतिवार को अमीन ने मामले की जांच कर रिपोर्ट तैयार की।
खुर्जा पॉटरी एसोसिएशन सभागार में 27 अप्रैल को केपीएमए का चुनाव आयोजित किया गया था। इसमें पॉटरी उद्यमी पीयूष शर्मा ने बुलंदशहर न्यायालय में वाद दायर किया कि चुनाव कूट रचित ढंग से हुआ था। उन्होंने एसोसिएशन के रुपयों और चुनाव संबंधित दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की थी।
इसमें 28 अप्रैल को सिविल जज प्रवर खंड ने दोनों पक्षों को हाजिर होने के लिए नोटिस जारी किया था। साथ ही अमीन कमीशन का गठन कर जांच के आदेश दिए थे। अमीन वैभव शर्मा ने जांच के संबंध में वादी पीयूष शर्मा व प्रतिवादी कृष्ण गोपाल सर्राफ को सात मई को उपस्थित होने के लिए कहा। बृहस्पतिवार को अमीन ने केपीएमए सभागार में जांच की और मौजूद कर्मचारियों से जानकारी ली। इसके बाद बैंक पहुंच कर खाता संबंधित जानकारी जुटाकर रिपोर्ट तैयार की।
केपीएमए के पूर्व अध्यक्ष व वर्तमान सचिव रवि राना का कहना है कि शिकायतकर्ता एसोसिएशन में सदस्य नहीं हैं। उन्हें शिकायत का कोई अधिकार नहीं है। सभागार में 2026-27 का चुनाव नियम अनुसार निर्धारित तारीख पर हुआ है। इसके सभी दस्तावेज उपलब्ध हैं।