सिकंदराबाद। औद्योगिक क्षेत्र के जोखाबाद में नौकरी दिलाने के बहाने युवक को बुलाकर नशीला पदार्थ पिलाने और मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला प्रकाश में आया है। गंभीर रूप से घायल युवक की मेरठ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई।
रवि कुमार निवासी गांव बकौरा, थाना औरंगाबाद, हाल निवासी सिकंदराबाद ने तहरीर देते हुए बताया कि उनके बड़े भाई योगेश कुमार को गांव के ही राहुल ने नौकरी दिलाने के बहाने औद्योगिक क्षेत्र के गांव जोखाबाद में बुलाया था। आरोप है कि गत 14 अक्तूबर को आरोपी ने योगेश को नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से चाकू से कई वार किए। हमले में योगेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
गंभीर हालत में योगेश को आरोपी ने अपने कमरे में बंद रखा। इसके बाद 25 अक्तूबर को उसे मरा हुआ समझकर ऑटो में डालकर घर के बाहर फेंक दिया था । घर के बाहर योगेश को गंभीर हालत में देखकर परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
जहां उपचार के दौरान योगेश 31 अक्तूबर को योगेश की मौत हो गई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है और पहले भी घर आकर जान से मारने की धमकी देता रहा है। परिजनों ने आरोपी पर घर की महिलाओं के साथ अभद्रता करने का आरोप भी लगाया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जाएगा।