चीनी मिल हंगामा करते कर्मचारियों को समझातीं मिल प्रबंधक अंजली गंगवार। संवाद
जहांगीराबाद। चीनी मिल में बृहस्पतिवार रात ड्यूटी के दौरान मैकेनिकल इंजीनियर स्वपनिल गौड़ के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि मिल में संविदा पर कार्यरत टाइपिस्ट ने नशे की हालत में इंजीनियर के साथ हाथापाई की। मौके पर मौजूद स्विफ्ट इंजीनियर अभय प्रताप सिंह और लैब इंचार्ज पवनेश समेत अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। बताया गया कि इसके बाद शुक्रवार शाम करीब छह बजे, जब इंजीनियर स्वपनिल गौड़ अपने आवास से मिल जाने के लिए निकले तो आरोपी कर्मचारी की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों ने उन पर चप्पलों से हमला कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे मिल परिसर में रोष फैल गया। घटना के विरोध में मिल के कई कर्मचारी धरने पर बैठ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पर मिल के उप सभापति हरिराज चौहान और प्रधान प्रबंधक अंजली गंगवार मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों को समझाकर काम पर लौटने का प्रयास किया। देर रात तक मिल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ था।