कलक्ट्रेट के बाहर सड़क पर धरना देकर बैठे भाकियू कार्यकर्ता व किसान। संवाद
बुलंदशहर। अनूपशहर तहसील क्षेत्र में किसानों और सरकारी जमीन के कथित फर्जी बैनामे कराने का आरोप लगा है। कार्रवाई की मांग को लेकर भाकियू कार्यकर्ता मंगलवार दोपहर करीब दो से छह बजे तक कलक्ट्रेट गेट पर धरने पर बैठे रहे। धरने के चलते चार घंटे से अधिक समय तक जाम लगा।
पुलिस ने यातायात सुचारु कराने का प्रयास किया। भाकियू के प्रदेश प्रमुख महासचिव चौधरी नरेंद्र सिंह उर्फ गुड्डू प्रधान के नेतृत्व में किसानों ने प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
सात दिन के भीतर दोषियों को चिह्नित कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप है कि भूमाफिया भोले-भाले किसानों को बहलाकर उनकी वास्तविक जोत से अधिक जमीन के बैनामे करा रहे हैं।
बाबा मस्तराम मार्ग पर गंगा मड़ैया के निकट सरकारी जमीन का भी कथित फर्जी बैनामा कराने का आरोप लगाया। उन्होंने राजस्व और तहसील के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत व खरीदारों को धमकाने का आरोप भी लगाया है।
चेतावनी दी कि सात दिन के भीतर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो कलक्ट्रेट पर अनिश्चितकालीन प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन ने ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, मंडलायुक्त मेरठ, डीएम और एसएसपी को भी भेजी है। धरने में शैलेंद्र सिंह, धर्मेंद्र सिंह, अजय कुमार, पिंकी खालौर, राजेश कुमार व तेजवीर सिंह शामिल रहे।