मुरादनगर। थाना क्षेत्र के एक गांव में 9 साल की छात्रा के साथ पड़ोस में रहने वाले 16 वर्षीय किशोर पर दुष्कर्म का आरोप लगा है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी और उसका परिवार घर पर ताला लगाकर फरार है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। इसके चलते पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई हैं।
पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी कक्षा-5 की छात्रा है। बृहस्पतिवार दोपहर वह घर के बाहर खेल रही थी। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला कक्षा-9 का छात्र उसे बहला-फुसलाकर अपने घर की छत पर ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान बच्ची की ताई ने आरोपी को देख लिया और तुरंत परिजनों को सूचना दी।
परिजनों का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी पक्ष के लोगों ने पीड़िता के पिता और दादी के साथ अभद्रता व मारपीट भी की। मामले की देर रात थाने में तहरीर दी गई। आरोपी के दूसरे समुदाय से होने के कारण गांव में तनाव बढ़ गया है।
एसीपी अजय कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। आरोपी की तलाश जारी है।
थाने पर हिंदू संगठनों का हंगामा
घटना की जानकारी मिलते ही शुक्रवार को हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मुरादनगर थाने पहुंचे और जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने आरोपी और उसके परिजनों का एनकाउंटर करने व घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की।
महाकाली वाहिनी की संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. उदिता त्यागी ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि बच्ची को शीघ्र न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने कहा, रोज-रोज जिहादियों द्वारा मासूम नाबालिग बच्चियों से बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं। पूरे हिंदू समाज को अब एकजुट होकर इस जिहाद से लड़ने की जरूरत है, वर्ना हम अपनी बेटियों को यू हीं शर्मसार करके मौत के मुंह में धकेलते रहेंगे।
संगठन की पदाधिकारी गीता चौधरी ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन किया जाएगा। वहीं ज्योति त्यागी ने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष कार्रवाई न होने पर संगठन सड़क पर उतरेगा। इस दौरान तनु शर्मा, विपिन चौधरी, डिम्पल, गीता चौधरी आदि मौजूद रहे।