हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के जिला टॉपरों शमा परवीन और अलीशा को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार को सम्मानित करेंगे। लखनऊ में मंगलवार को अमर उजाला के सहयोग से आयोजित होने वाले सम्मान समारोह में हिस्सा लेने के लिए दोनों छात्राएं सोमवार को डीआईओएस के साथ रवाना हो गईं।
बता दें कि यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा में बसंती देवी कन्या इंटर कॉलेज देवली की छात्रा शमा परवीन ने 600 में से 588 अंक प्राप्त कर 94.67 प्रतिशत रिजल्ट के साथ जिले में टॉप किया था। वहीं इंटरमीडिएट में जनता इंटर कॉलेज बुगरासी की छात्रा अलीशा ने 500 में से 478 अंक हासिल कर 95.60 परसेंट रिजल्ट के साथ जिला टॉप किया था।
इन दोनों छात्राओं को 14 जून को लखनऊ में होने वाले मुख्यमंत्री के सम्मान समारोह में शामिल होने का न्यौता मिला । इसके आदेश डीआईओएस कार्यालय भी पहुंचे। जिला विद्यालय निरीक्षक रामाज्ञा कुमार ने बताया कि शमा परवीन गुलावठी की मलिन बस्ती मुगल गार्डन निवासी मो. युनुस की बेटी है।
उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। तीन साल की उम्र में शमा की दायीं आंख में सूई लग गई थी। इससे उसकी आंख की रोशनी चली गई थी। बावजूद इसके उसका हौसला कम नहीं पड़ा। उसका सपना शिक्षक बनने का है।
वहीं स्याना निवासी इकबाल अहमद की पुत्री अलीशा भी मध्यमवर्गीय परिवार से है। उसका पिता प्राइवेट स्कूल में शिक्षक हैं। अलीशा डॉक्टर बनना चाहती है इसलिए उन्होंने इंटर में जीव विज्ञान विषय चुना। दोनों जिला टॉपरों को लखनऊ में सम्मानित किए जाने की घोषणा के बाद से ही दोनों के परिवारों में खुशी का माहौल है।