गुलावठी। थाना क्षेत्र के गांव हरचना में मंगलवार को रेजांगला शहीद दिवस पर बलिदानी हवलदार बलवीर सिंह यादव की पुण्यतिथि पर खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक लक्ष्मीराज सिंह, कर्नल विवेक यादव, ब्रिगेडियर सुजीत यादव और कैंप कमांडेंट नरेश यादव ने किया। इससे पहले अतिथियों ने शहीद हवलदार बलवीर सिंह यादव की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
आयोजकों ने बताया कि खेल प्रतियोगिता में बालक और बालिकाओं ने दौड़ में उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। बालक वर्ग में आकाश ने प्रथम, मयंक ने द्वितीय और दीपक यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, बालिका वर्ग में कीर्ति यादव प्रथम, खुशबू द्वितीय और माही तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों ने मेडल देकर सम्मानित किया। साथ ही शहीद के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर अतिथियों ने कहा कि 18 नवंबर 1962 को रेजांगला की लड़ाई में 120 अहीर जवानों ने करीब तीन हजार चीनी सैनिकों का मुकाबला किया था। इस युद्ध में 114 वीर जवानों ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। हवलदार बलवीर सिंह यादव भी इन्हीं वीर जवानों में शामिल थे। वक्ताओं ने कहा कि शहीदों का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
ऐसे आयोजन युवाओं में देशभक्ति और खेल भावना को बढ़ावा देते हैं। इस दौरान मास्टर विजय सिंह यादव, अनिल यादव, सुभाष यादव, कृष्ण कुमार, मास्टर सूरज सिंह, भानू प्रताप सिंह, हेमराज सिंह और जितेंद्र यादव समेत शहीद परिवार के लोगों के अलावा अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे।