बारिश ने बेहतर कर दी हवा की गुणवत्ता
बुलंदशहर। बारिश के बाद से जनपद की हवा भी शुद्ध होने लगी है। अब तक सबसे कम एक्यूआई रविवार को 39 मापा गया। जो अब तक के सबसे निचले स्तर का एक्यूआई रहा। पिछले 10 दिन पूर्व जनपद का एक्यूआई 107 रहा था। इसके बाद गिरावट दर्ज होती गई।
संक्रमण की दूसरी लहर के बाद कोरोना कर्फ्यू लगाया गया। शनिवार और रविवार को छोड़कर अन्य दिनों साप्ताहिक कोरोना कर्फ्यू खत्म होने के बाद सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ी है। ऐसे में हवा भी प्रदूषित होती जा रही है, लेकिन पिछले सप्ताह से लगातार बारिश होने से प्रदूषण की मात्रा में गिरावट आ रही है। विशेषज्ञों के अनुसार बारिश की वजह से हवा में मौजूद प्रदूषण करने वाले तत्व काफी कम हो गए हैं।
पिछले साल अगस्त माह में रहा था सबसे कम एक्यूआई
गत वर्ष कोरोना काल के दौरान औद्योगिक धंधे और कारखाने बंद रहे थे। वहीं, अगस्त माह में नौ दिन जनपद का एक्यूआई 50 से भी कम मापा गया। इस दौरान सबसे कम एक्यूआई 20 अगस्त को 30 रहा। जबकि, 13 अगस्त को 50, 14 अगस्त को 39, 16 अगस्त को 48, 17 व 19 अगस्त को 41-41, 23 अगस्त को 43, 24 अगस्त को 36 और 31 अगस्त को जिले का एक्यूआई 35 मापा गया।
50 से कम एक्यूआई शुद्धता का है परिचायक
विशेषज्ञों के अनुसार और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानक के अनुसार देखें तो 50 से कम वायु गुणवत्ता सूचकांक एक तरह से हवा की शुद्धता का परिचायक है। 50 से कम वाले सूचकांक को स्वास्थ्य के लिए हर तरीके से बेहतर बताया गया है। 50 से अधिक वायु गुणवत्ता सूचकांक की स्थिति थोड़ी चिंताजनक मानी जाती है। वहीं, 100 से अधिक एक्यूआई पहुंचने पर उसे स्वास्थ्य के लिए खतरा माना जाता है।
पिछले 10 दिन का एयर क्वालिटी इंडेक्स
तारीख एक्यूआई
11 जून 107
12 जून 90
13 जून 82
14 जून 76
15 जून 74
16 जून 70
17 जून 66
18 जून 50
19 जून 47
20 जून 39
21 जून 55
पर्यावरणविद् कर रहे पर्यावरण बचाने को सहयोग
नगर के रेसकोर्स कालोनी निवासी प्रवीण कुमार ने बताया कि पर्यावरण बचाने के लिए सभी का सहयोग होना अनिवार्य है। जिस प्रकार वर्तमान वायु प्रदूषण है इसी प्रकार इसे बनाए रखने के लिए सभी को प्रदूषण रहित वाहनों का संचालन करना होगा और पौधरोपण कर उनका संरक्षण करना होगा। पर्यावरणविद् राजेंद्र पथिक ने बताया कि पर्यावरण को अगर हम लोग नष्ट करेंगे तो यह हमारे लिए ही नुकसानदायक है।
बारिश की वजह से हवा में मौजूद धूलकण समेत अन्य प्रदूषक तत्व नीचे आ जाते हैं। ऐसे में हवा की गुणवत्ता बेहतर हो जाती है। रविवार को पिछले 10 दिन का सबसे कम एक्यूआई रहा। - आशुतोष चौहान, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अधिकारी।