बुलंदशहर। सिकंदराबाद में वायु प्रदूषण के कारण तीन फैक्टरी सील की गईं और एक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। वहीं, देहात क्षेत्रों में कूड़ा जलने की घटनाएं लगातार सामने आने पर जिला प्रशासन ने जिला पंचायत राज अधिकारी को कार्रवाई न किए जाने एवं कर्मचारियों को दिशा-निर्देश न देने पर नोटिस जारी किया। रविवार को बुलंदशहर का एक्यूआई 320 और खुर्जा का 284 मापा गया। रविवार को भी स्याना रोड पर एक बुजुर्ग फसल के अवशेष जलाता नजर आया।
पिछले कई दिनों से बुलंदशहर का एक्यूआई दिल्ली-एनसीआर में अन्य जनपदों में अधिक चल रहा था। दो दिन पूर्व एक्यूआई 400 से अधिक रहने पर डीएम ने सभी कार्यदायी विभागों को ग्रैप के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतिदिन की कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी। जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा कूड़ा-कचरा जलने की घटनाओं को कम किए जाने या बंद करने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई और न ही अधीनस्थों को निर्देश दिए गए। कूड़ा-कचरा जलने पर कार्रवाई कर स्थिति से अवगत कराने के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को नोटिस जारी किया गया।
रविवार को बुलंदशहर-स्याना रोड पर गांव चरौरा मुस्तफाबाद के पास सड़क किनारे एक बुजुर्ग फसलों के अवशेष को जलाता नजर आया। जो पिछले तीन दिन पूर्व से लगातार फसल अवशेष को कूड़े का ढ़ेर बना जला रहा है। कुछ लोगों ने जलाने से रोकने को मना किया तो अपशब्द बोलने लगा। सड़क किनारे धुआं उठने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा चांदपुर रोड, दिल्ली रोड समेत अन्य स्थानों पर भी कूड़ा जलाया गया। इसके चलते बुलंदशहर का एक्यूआई रविवार को भी 300 से अधिक रहा।
सिकंदराबाद में तीन फैक्टरी सील, एक को नोटिस
शनिवार रात प्रदूषण विभाग की टीम ने सिकंदराबाद के औद्योगिक क्षेत्र वायु प्रदूषण को लेकर जांच की। इस दौरान मेसर्स राइजिंग सन इंडस्ट्रीज में एयर डिवाइस का संचालन न करने, शिवाय डाइंग में एयर डिवाइस न होने और केएम प्रोसेसर लकड़ी के ईधन का प्रयोग कर संचालित मिले। तीनों फैक्टरियों को सील कर दिया गया। साथ ही चप्पल की सीट बनाने वाली बदर इंडस्ट्री बिना जल एवं वायु सहमति के संचालित मिलने पर प्रदूषण निवारण व नियंत्रण अधिनियम, 1981 की धारा-31ए के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। राज्य बोर्ड मुख्यालय को रिपोर्ट भेजी गई है।
वायु प्रदूषण को बढ़ने से रोकने के लिए सभी औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण कर कार्रवाई की जा रही है। शनिवार रात सिकंदराबाद में तीन औद्योगिक को सील एवं एक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। देहात क्षेत्रों में कूड़ा-कचरा जलने से रोकने के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को नोटिस दिए हैं। साथ ही कार्रवाई कर रिपोर्ट मांगी है। - विमल कुमार, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड
नोटिस मिला है। गांव में कूड़ा जलने की घटना की जांच कराई तो किसी ग्रामीण ने चूल्हे की जलती राख फेंक दी थी। सभी सफाई कर्मचारियों को कूड़ा-कचरा जलने से रोकने एवं जलाने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। - नवीन कुमार मिश्रा, जिला पंचायत राज अधिकारी