नरौरा। नगर निवासी व्यवसायी कृष्णराज की मौत के बाद उनकी हस्ताक्षरित चेकबुक व उनकी पत्नी नीतू की चेकबुक के माध्यम से सहयोगी योगेंद्र कुमार ने करीब 82 लाख रुपये हड़प लिए। आरोपी ने यह रकम चेक, यूपीआई और एटीएम के माध्यम से विभिन्न खातों में स्थानांतरित की। एसएसपी के आदेश के बाद थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जयरामपुर चौराहा (पंडित दीनदयाल चौराहा) निवासी नीतू वार्ष्णेय ने बीते दिनों एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि उनके पति कृष्णराज की फरवरी 2019 में मृत्यु हो गई थी।
उनके पति व अन्य परिजनों का बिल्डिंग मैटेरियल आदि का बिजनेस है। पति की मौत के करीब एक माह बाद उनका कंपनी की प्रोपराइटर बनाया गया था। उनकी व उनके पति की हस्ताक्षरित कुछ चेक बुक ऑफिस में रखी थीं।
पति की मृत्यु के बाद उनके साथ काम करने वाले नगर निवासी योगेंद्र सिंह ने उन चेक से तीन लाख दस हजार रुपये अपने खाते में और अन्य 23 चेकों से करीब 25 लाख 47 हजार रुपये अपने अनेक मिलने वालों के खाते में ट्रांसफर कर दिए।
वर्ष 2019 से 2022 तक कंपनी के एटीएम, विड्रॉल व नेट बैंकिंग और आरोपी के मोबाइल नंबर यूपीआई के द्वारा 57 लाख 50 हजार 774 रुपये अलग अलग लोगों को ट्रांसफर किए गए थे।
गत वर्ष इस बात की जानकारी होने पर पीड़िता ने आरोपी को इस संबंध में बातचीत के लिए अपने घर बुलाया था। साथ ही शेष चेक वापस मांगे थे। जिस पर आरोपी अपने पुत्र हेमंत यादव के साथ आया और चेकबुक व धनराशि मांगने पर जान से मारने की धमकी दी।
बताया कि आरोपी ने कुल धनराशि 82,97,840 रुपये हड़प ली है। एसपी देहात रोहित मिश्र ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।