बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव जालखेड़ा में शनिवार देर शाम दो भाइयों के परिवार के बीच नाली में गोबर व गंदगी बहाने को लेकर विवाद हो गया। इस पर भतीजे ने अपने पुत्रों के साथ मिलकर चाचा व उनके परिजनों पर हमला कर दिया। हमले में वृद्ध चाचा नानकचंद (78) गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मामले में गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एक आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर है।
जालखेड़ा निवासी धर्मेंद्र सिंह ने सोमवार को देहात कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनके ताऊ के पुत्र वीरेंद्र और उनके परिजन नाली में गोबर बहा देते हैं। कई बार उन्होंने गोबर आदि बहाने से मना किया, जिसपर आरोपी पक्ष उनसे रंजिश मानने लगा। शनिवार देर शाम नाली में गोबर बहाने को लेकर विवाद हो गया, जिसके चलते आरोपी वीरेंद्र, उनके पुत्र राजमणि और शिवम ने धर्मेंद्र सिंह और उनके परिवार वालों के साथ गाली-गलौज करनी शुरू कर दी।
विरोध करने पर आरोपियों ने उनसे मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित धर्मेंद्र के पिता नानकचंद (78) ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने मारपीट कर उनको नाली में धक्का देकर गिरा दिया और डंडे से प्रहार कर दिया। घटना में नानकचंद बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई है।
देहात पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों वीरेंद्र, राजमणि और शिवम के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और अन्य संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने दो आरोपियों वीरेंद्र और शिवम को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है। एएसपी ऋजुल कुमार ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्जकर जांच की जा रही है। फरार आरोपी राजमणि की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसकी भी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।