सावधान: जिले में रिफाइंड मिलाकर तैयार किया जा रहा दूध, पनीर, खोया
बुलंदशहर। खाद्य पदार्थों में मिलावट कर लोगों की सेहत बिगाड़ने वाले आरोपी लगातार मिलावटखोरी कर मोटा मुनाफा कमा रहे हैं। हाल ही में आई जांच रिपोर्ट में दूध, पनीर, खोया समेत करीब 21 खाद्य पदार्थों के सैंपल असुरक्षित पाए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक इन खाद्य पदार्थों में विभिन्न प्रकार की मिलावट की गई थी। दूध, पनीर और खोया में रिफाइंड मिलाकर तैयार किया जा रहा है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने करीब तीन माह पूर्व विभिन्न स्थानों से 150 से अधिक खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे थे। गाजियाबाद स्थित लैब में जब सैंपल की जांच की गई तो पता चला कि दूध, पनीर, खोया समेत खाद्य पदार्थों के 21 सैंपल ऐसे थे जो जांच में असुरक्षित पाए गए। जबकि 93 अधोमानक और 14 खाद्य पदार्थों के सैंपल मिथ्याछाप पाए गए। शहर में बिक रहे दूध, पनीर, तेल, खोया, दाल, बेसन समेत कई अन्य खाद्य पदार्थ ऐसे हैं, जिनका सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक दूध के दो, पनीर के पांच, खोया का एक, सरसों तेल के तीन, मसाला एक, अनाज के चार, दाल और मिठाई का एक-एक और तीन अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल असुरक्षित पाए गए।
मिलावट खोरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एडीएम प्रशासन की कोर्ट ने विभिन्न व्यापारी पर 24.75 लाख रुपये जुर्माना लगाया है। पीए गौरव सिंघल ने बताया कि सरसों के तेल, बेसन, बूंदी, केक, मिश्रित दूध, कुट्टू आटा, छैना रसगुल्ला, किशमिश, नमकीन के नमूने फेल होने पर संबंधित व्यापारियों को नोटिस जारी किया गया था। नोटिस का जवाब न देने पर कोर्ट में वाद दायर किया गया था। अब आरोपियों को जुर्माने की रकम जमा करने के लिए एक माह का समय दिया गया है।
दूध से क्रीम निकालकर मिलाते हैं रिफाइंड
सैंपलों की जांच के दौरान पता चला कि दूध से क्रीम निकालने के बाद उसमें फैट बढ़ाने के लिए रिफाइंड का प्रयोग किया गया था। जबकि खोया और पनीर भी ऐसे ही दूध से तैयार किया गया था, जिससे क्रीम निकाली गई थी। ऐसे में अधिकारियों का मानना है कि इस प्रकार बने खाद्य पदार्थों के सेवन से व्यक्ति को आवश्यक प्रोटीन, कैलशियम और अन्य पोषक तत्व नहीं मिल पाते हैं।
मदर डेयरी के दूध समेत 12 खाद्य पदार्थों के लिए सैंपल
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने डीओ आरके गुप्ता के निर्देशन में लगातार दूसरे दिन जिले में सैंपल लेने का अभियान चलाया। इस दौरान खलसिया चूहरपुर स्थित विश्वशरैया डेयरी लिमिटेड से फुलक्रीम दूध और एक पनीर, नगर से पेठा और छेना रसगुल्ला, अनूपशहर से सरसों का तेल, डिबाई से खोया और मिश्रित दूध, शिकारपुर से बर्फी, जिलेपुरा से बादाम और अनूपशहर बस अड्डा से बर्फी का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है।