त्योहारों के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा का खाका खींच लिया है। डीएम और एसएसपी ने शनिवार को पंचायत भवन के सभागार में गणमान्य लोगों के साथ बैठक करके सहयोग की अपील की है। अफसरों ने नवरात्र, दशहरा, मोहर्रम और दीवाली को शांतिपूर्वक मनाने का आह्वान किया है।
डीएम आंजनेय कुमार सिंह ने जिले की जनता से अपील की है कि वह त्यौहारों को शांतिपूर्वक और सौहार्द के साथ मनाएं। धार्मिक स्थलों पर लाउड स्पीकर तेज आवाज में ना बजाएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों पर पानी, विद्युत और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए।
यदि किसी को कोई समस्या है तो उसे प्रशासनिक और पुलिस अफसरों से मिलकर निपटाया जा सकता है। एसएसपी अनीस अहमद अंसारी ने कहा कि सभी लोगों का दायित्व है कि आगामी त्योहारों को मिल जुलकर सौहार्द और शांति से मनाए। नवरात्र के मेले की झांकियां, मोहर्रम एक रूट से ना निकाले। इसके लिए समय का विशेष ख्याल रखा जाए।