न्यायिक अधिकारी पर आरोप लगा एडीजीसी ने दिया त्यागपत्र
बुलंदशहर। जिले के एक सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता (एडीजीसी) ने डीजीसी को अपना त्यागपत्र सौंपा है, जिसमें उन्होंने एक न्यायिक अधिकारी पर आरोप लगाए हैं।
सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता ने शुक्रवार को डीजीसी राहुल उपाध्याय को त्यागपत्र सौंपा, जिसमें उन्होंने बताया कि वह इस पद पर बीते काफी समय से कार्यरत हैं। उन्होंने एक न्यायिक अधिकारी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी कार्य पद्धति और व्यवहार से काफी परेशान हैं। सरकार की मंशा के अनुरूप पूरी ईमानदारी से काम कर रहे हैं। अभियोजन पक्ष को ठीक से सुना नहीं जाता है, जिससे न्यायिक कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि वह अपना आत्मसम्मान खोकर कार्य नहीं कर सकते हैं। इसलिए उनका त्यागपत्र स्वीकार किया जाए। जिला शासकीय अधिवक्ता राहुल उपाध्याय ने बताया कि एडीजीसी का त्यागपत्र प्राप्त हुआ है, जिसे जिलाधिकारी को अग्रेषित किया जा रहा है। वहीं, प्रकरण में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।